हिन्दी प्रचार-प्रसार सेवा संस्थान मनाएगी विश्व हिन्दी दिवस

(पावन भारत टाइम्स संवाद)


अयोध्या।मातृभाषा हिन्दी को विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए सर्वप्रथम हमें उसे अपने देश में गौरवान्वित व प्रतिष्ठापित करना होगा, हिन्दी को विश्व की सम्पर्क भाषा के रूप में स्थापित करने के लिए उसे भारत की कार्यालयी भाषा के रूप में देश की राष्ट्रभाषा का दर्जा देना होगा, जिस देश की भाषा समृद्ध होती है उस देश की सभ्यता व संस्कृति सुरक्षित व संरक्षित रहती है। उक्त उद्गार हिन्दी प्रचार-प्रसार सेवा संस्थान द्वारा आगामी 10 जनवरी शुक्रवार को 11 बजे प्रातः से तुलसी स्मारक भवन अयोध्या में विश्व हिन्दी दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में ”विश्व पटल पर हिन्दी” विषय पर परिचर्चा व काव्य-गोष्ठी की तैयारी बैठक की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ‘वत्स’ ने व्यक्त किया। संस्थान के शृंगारहाट, अयोध्या स्थित केन्द्रीय कार्यालय पर तैयारी बैठक का संचालन करते हुए राष्ट्रीय महामन्त्री डा0 सम्राट अशोक मौर्य ने समस्त पदाधिकारियों व सदस्यों से समय पर उपस्थित रहने व आये हुए कवियों व साहित्यप्रेमियों को किसी तरह की असुविधा न हो इस पर विशेष ध्यान देते हुए अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। संरक्षक मण्डल सदस्य अनिरुद्ध प्रसाद शुक्ल ने विशेष रूप से समस्त पदाधिकारियों को तल्लीनता से सजग रहकर समारोह को सफल बनाने की अपील की। उक्त अवसर पर रामजी सिंह कुशवाहा को संस्थान का जिला महामन्त्री व कु0 अंजू सिंह को नगर अध्यक्ष महिला शाखा तथा दीपा सिंह रघुवंशी को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया। तैयारी बैठक में प्रमुख रूप से संस्थान की महिला शाखा की जिला प्रभारी लक्ष्मी पाण्डेय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विन्ध्यवासनी शरण पाण्डिया प्रदेश महामन्त्री डा0 एस0 पी0 द्विवेदी, मण्डल अध्यक्ष फूलचन्द मौर्य प्रदेश सचिव आचार्य शशि मौर्य, केशवराम मौर्य, राष्ट्रकुँवर मौर्य, विकांशु मौर्य, उत्तम पाण्डेय आदि उपस्थित रहे। संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष डा0 रामरती कुँवरि मौर्य ने सभी का आभार व्यक्त किया।