स्वतंत्र देव सिंह की अपील- कार्यकर्ता लौट रहे मजदूरों की हर संभव करें मदद

स्वतंत्र देव सिंह की अपील- कार्यकर्ता लौट रहे मजदूरों की हर संभव  करें मदद


 


 



(पावन भारत टाइम्स संवाद)


लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण आई वैश्विक आपदा के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने संगठनात्मक दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों को भी पूरी लगन व निष्ठा से निर्वहन करना है।


स्वतंत्रदेव ने रविवार को यहां सभी जिलाध्यक्षों के साथ वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम आयोजित बैठक में कहा कि आपदा के दौर में बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक अपने गांव-घर की ओर लौट रहे हैं।



प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रवासी श्रमिकों के हितों और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई जरूरी कदम भी उठा रही है। पार्टी के कार्यकर्ता भी प्रवासी श्रमिकों को भोजन पानी व अन्य आवश्यकताओं को उपलब्ध कराते हुए हर संभव मदद करें।


पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल की मौजूदगी में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को दो गज की शारीरिक दूरी का पालन निश्चित ही नहीं सुनिश्चित करना है। संकट के इस दौर में सेवा और संगठन का कार्य लॉकडाउन के नियमों का और सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए जारी रखना है। जब तक कोरोना संक्रमण का खतरा टल नहीं जाता तब तक संगठन की सभी बैठकें व संवाद अनिवार्य रूप से डिजिटल माध्यम से ही करना है।



उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सेवा अभियान को जारी रखते हुए जरूरतमंद लोगों को भोजन-राशन उपलब्ध कराना है। साथ ही यह आग्रह भी करना कि सभी लोग दो गज की शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मास्क का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।


प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने कहा कि सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष पार्टी के जिला, मण्डल के पदाधिकारियों सहित मण्डल प्रभारी, सेक्टर प्रभारियों व बूथ अध्यक्षों से संवाद स्थापित कर सेवा अभियान को अनवरत चालू रखते हुए संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को समाज व संगठन दोनो के लिए समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित करें।


उन्होंने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में गरीबों-जरूरतमंदों सहित आवश्यकतानुसार सभी की सहायता के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को खड़ा होना चाहिए। हमें सेवा कार्य में जुटे रहना है हमारे लिए सेवा ही परम धर्म है।