विश्व में कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्ति पाने के लिए रामजन्म के बाद भगवान से की गई मन्नतें
विश्व में कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्ति पाने के लिए रामजन्म के बाद भगवान से की गई मन्नतें

 

-राम जन्मोत्सव को लेकर पहले कराया गया श्री रामलला पंचामृत से अभिषेक 

 

-राम लला ने धारण लिए नए वस्त्र धारण 

 

अयोध्या, 02 अप्रैल (हि.स.)। श्री राम जन्मभूमि परिसर में रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने चैत्र शुक्ल नवमी राम जन्मोत्सव की संध्या पर गुरुवार को कहा कि इस वर्ष रामलला का जन्मोत्सव बहुत ही आनंददायक रहा है। 

 

 हमारे आराध्य रामलला 27 वर्षों से त्रिपाल में पड़े थे। जिसके कारण जन्मोत्सव पर व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। इस वर्ष अब रामलला त्रिपाल से निकल कर अस्थाई ही सही मंदिर में विराजमान हैं और जहां अपने अनुज भाईयों के साथ बहुत ही सुंदर स्वरूप दिखाई दे रहा है। 

 

 उन्होंने राम जन्मभूमि परिसर में आज हुए राम जन्मोत्सव के विषय में बताया कि राम जन्मोत्सव को लेकर पहले श्री रामलला स्नान कराया गया, जिसके बाद पंचामृत से अभिषेक किया गया और नया वस्त्र धारण कराया गया। राम लला का तिलक चंदन कर मुकुट से सुसज्जित कर आरती पूजा किया गया। जन्म के बाद प्रसाद को स्थान पर मौजूद सदस्यों,सुरक्षा के अधिकारी व अन्य जवानों में भी बांटा गया। वहीं बताया कि भगवान रामलला के इस विशेष पूजा के दौरान देश भर में फैल रहे कोरोना संक्रमण से निजात मिले इसके लिए रामलला से मांग भी किया गया और भगवान श्री राम लला की आरती पूजा के बाद विश्व में फैले कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्ति पाने के लिए मिन्नतें की गई।