कोरोना के रोकथाम की तारीफ पूरे दुनिया में हो रही : लल्लू सिंह 
(पावन भारत टाइम्स संवाद)
अयोध्या। कोरोना वायरस रुपी वैश्विक बीमारी का असर काफी व्यापक हुआ है। भारत में इसकी रोकथाम के उपायों की तारीफ पूरे विश्व में की जा रही है। हमारा नैतिक दायित्व है कि हम इस संघर्ष में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।
उक्त विचार सांसद लल्लू सिंह ने शुक्रवार को व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपने सामर्थ्य के अनुसार पीएम केयर्स में धनराशि जमा कर रहे हैं। इस दौरान पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी ने प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में 25 हजार तथा मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 25 हजार की धनराशि का चेक सांसद लल्लू सिंह को दिया। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल की मौजूदगी में 65 हजार की धनराशि का चेक सांसद लल्लू को सांपा गया। जिसमें गन्ना समिति के चेयरमैन दीपेन्द्र सिंह ने 27 हजार, रंजीत दूबे मुन्ना ने 22 हजार, अमित गुप्ता ने 11 हजार तथा मनदीप पाण्डेय ने पांच हजार का चेक प्रदान किया है।
पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा दिशा निर्देशों का पालन जनता कर रही है। लाकडाउन को सफल बनाने में जनता का व्यापक सहयोग रहा है। अवधेश पाण्डेय बादल ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक अभियान चलाकर गरीबों एवं जरुरतमंदों को राहत पहुंचायी गयी है। पार्टी ने निश्चय किया है कि वह क्षेत्र में किसी को भूखा नहीं सोने देगी। पूरे लाकडाउन के दौरान राहत कार्य चलता रहेगा।