अछोरा में छत पर पढ़ी जा रही जुमे की नमाज, पहुंची पुलिस
अयोध्या, 17 अप्रैल (हि.स.)। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम अछोरा में मस्जिद के मौलवी द्वारा शुक्रवार को घर की छत पर लोगों की भीड़ इकट्ठा कर नमाज पढ़ाने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची इनायतनगर पुलिस ने कानून का उल्लंघन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। जिनके खिलाफ अभियोग पंजीकृत करके विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले महीने मार्च में 21 मुसलमान बाहर से आकर मस्जिद में रुके थे। लेकिन जब तक वहां पुलिस पहुंची, उसके पहले ही वह लोग फरार हो गए थे। बताया जाता है कि इनायतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अछोरा की मस्जिद में लगातार लॉकडाउन का उल्लंघन किया जा रहा है। मस्जिद का मौलवी लोगों की भीड़ एकत्रित कर लगातार कानून का उल्लंघन करने की गतिविधि करता रहता है।
शुक्रवार को ग्रामीणों से इनायतनगर पुलिस को सूचना मिली कि मौलवी मकान के छत पर लोगों की भीड़ इकट्ठा कर जुमे की नमाज अदा करवा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इनायतनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अछोरा गांव के मोहम्मद कयूम पुत्र मोहम्मद अयूब व जमील पुत्र मोहम्मद अयूब द्वारा अपने छत पर भीड़ इकट्ठा करके नमाज पढ़ाया जा रहा है। जिससे महामारी का खतरा उत्पन्न हो रहा है। दोनों के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लंघन व महामारी अधिनियम का अभियोग पंजीकृत करके कार्यवाही की जा रही है।