चंपत राय के साथ ट्रस्ट सदस्यों ने किया राम जन्मभूमि परिसर का निरीक्षण


अयोध्या, 22 फरवरी (हि.स.)। राम जन्मभूमि में विराजमान श्री रामलला को शिफ्ट करने के राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टियों ने शनिवार को राम जन्मभूमि परिसर का दौरा किया। रामलला को शिफ्ट करने की कवायद पर स्थान को चिह्नित किया जा रहा है। स्थलीय निरीक्षण में ट्रस्ट के महासचिव चम्पतराय, जिलाधिकारी अनुज कुमार झा, राजा अयोध्या बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र, संघ के अवध प्रांत कार्यवाह डॉ अनिल मिश्र उपस्थित रहे।


ट्रस्ट के नवनियुक्त महासचिव चंपत राय शुक्रवार देर रात कारसेवक पुरम पहुंचे थे। यहां संतों सहित हिन्दूवादी नेताओं ने उनका स्वागत-सत्कार किया। ट्रस्ट बनने के बाद राम मंदिर निर्माण की कवायद रामनगरी में शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों ने राम जन्मभूमि परिसर का निरीक्षण कर राज सदन में ट्रस्ट सदस्य उपस्थित हुए। ट्रस्ट बनने के बाद से राम जन्मभूमि में विराजमान श्री रामलला को गर्भगृह से हटाकर अस्थायी मंदिर में शिफ्ट करने की रणनीति तैयार की जा रही है।


बताया जा रहा है कि मंदिर फाइबर का होगा, जिसके लिए अधिगृहीत परिसर में मानस भवन के दक्षिणी हिस्से में प्रशासन ने नाप-जोखकर जगह चिन्हित कर ली है।