(पावन भारत टाइम्स संवाद)
अयोध्या।मकर संक्रांति पर्व पर बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। राम जन्मभूमि परिसर में विराजमान रामलला को खिचड़ी भोग लगाया गया।भोर से ही सरयू के स्नान घाटों से लेकर प्रमुख मठ मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। सुबह से शुरू हुआ स्नान दान दर्शन पूजन का सिलसिला दोपहर तक जारी है।राम नगरी में कड़ाके की ठंड और तिथि को लेकर उपापोह के बावजूद भारी भीड़ उमड़ी है। पर्व
पर भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने
सुरक्षाा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
भोर से ही सरयू किनारे स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा होने लगा था। स्नान के बाद लोगों ने भगवान सूर्य देव का पूजन अर्चन किया। इसके साथ तिल व खिचड़ी के दान के साथ गऊ दान कर श्रद्धालुओं ने प्रमुख मंदिरों नागेश्वरनाथ ,हनुमानगढ़ी, कनक भवन , राम जन्मभूमि, काले राम मंदिर खीरेश्वर नाथ मंदिर में माथा टेका और भगवान से प्रार्थना किया।
राम जन्मभूमि परिसर में रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि मकर संक्रांति पर्व पर भगवान श्री राम लला को विशेष प्रकार से पूजन अर्चन किया जाता है। सुबह रामलला को जलाभिषेक, दूध ,इत्र आदि से अभिषेक कर वस्त्र धारण कराया जाता है। जिसके बाद आरती पूजा कर खिचड़ी पापड़ और आचार से भोग लगाया गया है।
बजरंगबली की प्रधान पीठ हनुमानगढ़ी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन पूजन के लिए बुधवार की दोपहर में भी जुटी हुई है।
हनुमानगढ़ी मंदिर में हनुमंत लला को खिचड़ी ,घी, दही ,अचार ,मूली , तिल का विधिवत भोग लगाया गया।
राम नगरी को मकर संक्रांति पर्व को लेकर पूरी तरह सुरक्षा के घेरे में रखा गया है। सभी मार्गों पर गहन जांच-पड़ताल की जा रही हैं और प्रमुख मंदिरों के आसपास मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की तैनाती है।