- खराब मौसम के कारण नहीं उड़ सका डिप्टी सीएम डॉक्टर दिनेश शर्मा का हेलीकाप्टर
(पावन भारत टाइम्स संवाद)
अयोध्या। खराब मौसम के कारण डिप्टी सीएम डॉक्टर दिनेश शर्मा का हेलीकाप्टर अयोध्या के लिए उड़ नहीं पाया। इस कारण पांच दिवसीय भरतकुंड महोत्सव का शुभारंभ श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपालदास ने किया। महोत्सव में भगवान राम और उनके अनुज भरत के जीवन चरित्र पर नृत्य नाटिका का मंचन किया गया।
महोत्सव के शुभारंभ के मौके पर नगर निगम के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, गोसाईगंज, विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू तिवारी, बीकापुर विधायक शोभा सिंह, अयोध्या संत समिति के अध्यक्ष महंत कन्हैया दास, तीन कलशा तिवारी मंदिर के महंत गिरीशपति त्रिपाठी, दशरथ गद्दी चौबुर्जी मंदिर के महंत बृजमोहन दास, भाजपा के महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, जिला अध्यक्ष अवधेश पाण्डेय मौजूद रहे।
नगर निगम के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि भरतकुंड के सौंदर्यीकरण के लिए डीपीआर बन रहा। जल्द ही भरतकुंड का कायाकल्प होगा। उन्होंने बताया कि शहर में नगर निगम ई बस सेवा चलाएगी। ई बस राम कथा पार्क से गुप्तार घाट तक चलेगी। ई-बस सेवा का विस्तार भरतकुंड तक भी होगा। ई-बस प्रमुख तीर्थ स्थल व पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को ले जाएगी। डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा को भरतकुंड महोत्सव का शुभारंभ करना था। खराब मौसम की वजह से दिनेश शर्मा का अयोध्या दौरा रद्द हो गया।